नवगछिया : करीब 24 घंटे से नवगछिया भयानक रूप से जाम की जद में फंसा है. भयानक जाम ने नवगछिया की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है तो दूसरी तरफ लोगों को कई तरह के परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. विक्रमशिला सेतु पथ से नवगछिया स्टैंड तक गुरूवार की रात से ही जाम लगा है तो शुक्रवार को सुबह विक्रमशिला सेतु पर भी जाम लग गया और देखते ही देखते भागलपुर से नवगछिया आने वाले सभी शाखा सड़कों पर जाम लग गया जो कि देर रात तक लगा ही है. विक्रमशिला सेतु पर दोपहर बाद जाम समाप्त हो गया था लेकिन जाह्नवी चौक से लेकर नवगछिया तक 24 घंटे बाद भी लोगों को जाम से निजात मिलता नहीं दिख रहा है.
,, विक्रमशिला सेतु पथ से नवगछिया तक ट्रकों की लंबी कतार
,, विभिन्न शाखा सड़कों पर भी देर रात तक लगा है जाम
,, सुबह सेतु व सेतु पथ पर जाम में फंसे थे सैकड़ों मैट्रिक परीक्षार्थी
,, 24 घंटे से लगातार जाम में फंसे हैं सैकड़ों मालवाहक ट्रक
,, जाम के आगे बौनी नजर आ रही है व्यवस्था
जाम के कारण सुबह भागलपुर से नवगछिया और नवगछिया से भागलपुर जाने वाले मैट्रिक परीक्षार्थियों को काफी परेशानी हुई. सैकड़ों छात्र सेतु पथ पर और सेतु पर जाम में फंसे दिखे. नवगछिया के लगभग सभी सेंटरों में छात्र वैकल्पिक व्यवस्था कर भागे भागे पहुंचे हैं. गनिमत है कि जाम के वजह से किसी भी परीक्षार्थी की परीक्षा नहीं छूटी. नवगछिया के बीएलएस कॉलेज में जाम की वजह से कुछ परीक्षार्थी मालूम देरी से सेंटर पर पहुंचे थे, क्रेंद्राधीक्षक के आदेश पर सबों को परीक्षा में शामिल किया गया. अन्य सेंटरों पर भी परीक्षार्थी देर से पहुंचे लेकिन किसी की परीक्षा छूटने की सूचना नहीं मिली है. इधर दिन भर यात्री जाम के कारण परेशान दिखे.

बस, ऑटो पर बैठे यात्री तीन घंटे में नवगछिया से भागलपुर जा आ रहे थे तो दूसरी तरफ कई ट्रक चालक पिछले 24 घंटे से भूखे प्यासे अपने ट्रकों में बैठ कर जाम के समाप्त होने का इंतजार कर रहे हैं. जाम का क्या कारण पुलिस पर एक ट्रक का खराब होना बताया जा रहा है तो यह बात सामने आ रही है कि सबौर के तरफ नो इंट्री लगा दिये जाने से नवगछिया होते हुए वाहनों की आवाजाही बढ़ गयी इसी कारण जाम लगा है. यह बात भी सामने आयी है कि देर रात जगतपुर के पास ट्रकों को रोक कर अवैध वसूली की जा रही थी, इस क्रम में वाहनों के अत्यधिक परिचालन के कारण देखते ही देखते जाम की स्थिति बनी और चंद मिनटों में ही यह नियंत्रण से बाहर हो गया.
जाम में कई ऐंबुलेंस वाहन के भी फंसने की सूचना है. ऐसी स्थिति से निपटने के लिए नवगछिया, परवत्ता, इस्माइलपुर की पुलिस ऐंबुलेंस को काफी मशक्कत कर निकलवा रहे थे. नवगछिया अनुमंडल अस्पताल से गोली लगने के बाद घायल महिला को मायागंज अस्पताल ले जाने के क्रम में ऐंबुलेंस तेतरी दुर्गा स्थान के पास जाम में फंस गया था. नवगछिया पुलिस ने स्काट कर ऐंबुलेंस को भागलपुर पहुंचाया. इतने पर भी नवगछिया से ऐंबुलेंस को भागलपुर पहुंचने में ढ़ाई घंटे का समय लगा. जाह्नवी चौक पर इस्माइलपुर और परवत्ता पुलिस द्वारा जाम से निपटने के लिए कई तरह के प्रयास किये गये लेकिन सभी प्रयास बेकार रहे तो दूसरी तरफ तेतरी दुर्गा स्थान के पास चौक पर नवगछिया पुलिस जाम से निपटने का प्रयास कर रही थी. जाम के समक्ष स्थानीय पुलिस व प्रशासन पूरी तरह से बौनी नजर आयी.
कहते हैं एसडीओ
नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि सेतु पर एक ट्रक के खराब हो जाने के कारण पहुंच पथ और ब्रांच रोड पर जाम की स्थिति बनी है. संबंधित पदाधिकारियों को जाम को समाप्त करवाने के लिए निर्देश दिया गया है. कहीं पर रूकावट नहीं है लेकिन जाम की स्थिति रहने से वाहनों की रफ्तार कुछ धीरे है. जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण कर लिया जायेगा.


