खगड़िया जिले के बेलदौर में शस्त्र अपराधियों ने मॉर्निग वॉक के दौरान रविवार की सुबह जदयू नेता सह पूर्व पंचायत समिति सदस्य नरेश राम(42 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने के बाद घायलावस्था में उसे इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Total Downloads: 375
घटना से आक्रोशित लोगों ने थाना चौक के समीप सड़क जाम कर दिया। सूत्रों के मुताबिक सुबह में जदयू नेता सह पूर्व पंसस नरेश राम कन्या मिडिल स्कूल बेलदौर के सहायक शिक्षक सिकंदर कुमार के साथ मार्निग वाक पर निकले थे । इसी क्रम में दो की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने बेलदौर-सड़कपुर पीडब्ल्यूडी सड़क के बीच वेदानंद सिंह के आम गाछी के निकट उसे अपने कब्जे में लेकर निकट से तीन गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ में चल रहे शिक्षक सिकंदर के मुताबिक सामने से आ रहे दो हत्यारे उससे बात करने लगे। इस क्रम में वह कुछ दूर आगे निकल गए। इसी बीच चार गोली चलने की आवाज हुई, जिसमें तीन गोली पंसस नरेश राम को लगने की बात कही गई।

घटना के बाद परिजन एवं ग्रामीण सड़क को जाम कर अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। समर्थक कालीस्थान चौक, भगवती स्थान एवं थाना चौक के समीप टायर जलाकर सड़क जाम कर विरोध जता रहे हैं। हत्या की खबर पर बेलदौर बाजार स्वतः बंद हो गया। घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले को जमीन विवाद से जोड़कर जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि जदयू नेता का घर थाना के सामने स्थित है । इधर एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर गोगरी एसडीपीओ को भेजा गया है। जल्द घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी होगी।
इनपुट : हिंदुस्तान

