भागलपुर: तिलकामांझी थाना क्षेत्र इलाके के डिक्सन मोड़ रोड के समीप दिव्यांग विद्यालय के सामने अहले सुबह हथियारबंद अपराधियों ने ऑटो सवार करीब आधा दर्जन लोगों के साथ लूटपाट की। घटना एक सितंबर की है। इस मामले में नवगछिया, गोपालपुर अमिया के निवासी चुन्ना कुमार समेत अन्य पांच लोगों ने तिलकामांझी पुलिस चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
Total Downloads: 79
गौरतलब है कि वरीय अधिकारियों द्वारा कई घटनाओं के बाद सभी थानों को सुबह के समय अनिवार्य रूप से गश्ती का निर्देश दिया गया है। मगर थाना और पुलिस चौकी में इस आदेश का कोई असर नहीं है।

चार लोग नवगछिया के तो दो बरारी के हैं रहने वाले
जिन लोगों के साथ लूटपाट हुई है उनमें चार नवगछिया के तो दो भागलपुर के बरारी इलाके के रहने वाले हैं। अपराधियों ने चुन्ना का मोबाइल फोन, पर्स, खरीक के रतनपुर निवासी राजेश कुमार का पर्स बैग व मोबाइल, बिहपुर के महेशखूंट हरियो निवासी सुमन कुमार का मोबाइल व 630 रुपये लूट लिया। जबकि बरारी के लक्ष्मी चौधरी और मु. फंटूश से भी लूटपाट की। कुछ लोगों ने जब लूटपाट का विरोध किया तो अपराधियों ने उसकी पिटाई भी कर दी और गोली मारने की धमकी दी। इस कारण दूसरे किसी की विरोध करने की हिम्मत नहीं हुई।

रूमाल से मुंह को ढंक रखा था
पीड़ित लोगों के मुताबिक अपराधियों ने लूटपाट के समय अपने मुंह को रूमाल से ढंका हुआ था। इसमें एक अपराधी हाफ पैंट और सफेद कुर्ते, दूसरे ने अपराधी सफेद टी शर्ट पहनी थी। इसके अलावा दो अन्य अपराधियों की पहचान पीड़ित ने पुलिस को बताई है। अपराधियों के हाथ देते ही ऑटो चालक ने सोचा कि वे यात्री हैं। इस कारण उसने ऑटो रोक दी। मगर ऑटो रोकते ही चारों ने अपने कमर से हथियार निकाल लिए। यह देखते ही सभी लोग उनकी मंशा समझ गए।

वरीय अधिकारियों के आदेश का को दिया दरकिनार
वरीय अधिकारियों द्वारा थानेदारों और चौकी प्रभारियों को लगातार इस मामले में निर्देश दिए जाते रहे हैं कि वे सुबह तीन से छह बजे तक विशेष रूप से इलाकों में सक्रिय रहें। उस समय अपराधियों की ज्यादा गतिविधियां राहगीरों को लूटने की मंशा से होती है। मगर ये आदेश थाने और पुलिस चौकी में किसी कोने में दबे होते हैं। लेकिन आदेश को दरकिनार कर ज्यादातर थानों और चौकी की पुलिस अपनी मनमानी कर इलाके में सक्रिय नहीं रहती है। ऐसे में ये घटनाएं बड़ी बात नहीं हैं। कुछ माह पहले चेन छिनतई और लूटपाट की घटनाएं इसी समय में मोजाहिदपुर इलाके में घटी।

