नवगछिया। नकली खाद बेचने की शिकायत किसानों द्वारा किये जाने पर जिला कृषि पदाधिकारी केके झा के नेतृत्व में कृषि विभाग के अध्कारियों की टीम ने इस्माईलपुर के नारायणपुर चंडीस्थान स्थित दुकानों में गहन छापेमारी की। किसान पिन्टुस कुमार ने बताया कि लक्ष्मी खाद बीज भंडार से यूरिया व पोटाश खाद खरीदा था। यूरिया की कीमत उचित मूल्य 266/-रुपये से अधिक 450/- रुपये लिया गया था। पोटाश खाद नकली दिया गया। इसमें नमक रंगा हुआ बोरी में खोलने पर पाया। किसानों ने जिला कृषि पदाधिकारी के सामने आरोपों की झड़ी लगा दी।
Total Downloads: 101
हालांकि उक्त दुकानदार किसी तरह का खाद खरीद का कागजात नहीं दिखा पाये। बिक्री रजिस्टर पर किसानों के मोबाइल नंबर अंकित नहीं थे। किसानों ने कहा कि एक-दो बोरी यूरिया लेने पर पांच बोरी का मैसेज मोबाइल पर आता है। दिन के बजाय रात में दुकानदार द्वारा यूरिया मनमाने कीमत पर दिया जाता है। अशोक साह की दुकान से भी नकली पोटाश बेचे जाने की शिकायत किसानों ने की थी।
अनियमतता के कारण लाइसेंस रद्द
रौशन खाद बीज भंडार द्वारा खुले आम खाद बेचा जा रहा था। बिना लाइसेंस के सभी दुकानों पर कीटनाशक दवा बेची जा रही थी। डीएओ ने बताया कि सभी दुकानों से विभिन्न प्रकार के खादों का नमूना जांच हेतु प्रयोगशाला में भेजा जायेगा। नकली खाद बेचने व किसानों से अधिक मूल्य लेने की लिखित शिकायत के आलोक में लक्ष्मी खाद बीज भंडार पर प्राथमिकी दर्ज करवाई जायेगी तथा रौशन खाद बीज भंडार जिस पर पूर्व में भी मामला दर्ज करवा कर प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी पर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। बताते चलें कि चंडीस्थान में पांच लाइसेंसी खाद की दुकान है। डीएओ केके झा ने किसानों से कहा कि यूरिया की उपलब्धता तत्काल इस्माईलपुर में आवश्यकता के अनुसार करवा दी जायेगी तथा हर हाल में किसानों को 266रुपये में यूरिया खाद की बोरी उपलब्ध करवाई जायेगी।

