नवगछिया। इस्माईलपुर प्रखंड में अनुज्ञप्ति प्राप्त दुकानदारों द्वारा यूरिया खाद की कालाबाजारी धड़ल्ले से की जा रही है। यूरिया खाद की कालाबाजारी के आरोप में प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी इस्माईलपुर अनिल चौधरी द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत इस्माईलपुर थाना में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मेसर्स रौशन खाद बीज भंडार नारायणपुर चण्डीस्थान के प्रोपराइटर नरेश साह पर मामला दर्ज कराया है।
क्या है मामला –
पॉस मशीन से खरीक के मीरजाफरी के पावरलूम चलाने वाले हयात अंसारी, मजलुमा खातिर, हसीब अंसारी, रफ्तार अंसारी, खुर्शीद अंसारी, इस्तरी खातिर, मीना खातून, सईद अंसारी, रानू खातून व शबनम अंसारी के आधार कार्ड से पॉस मशीन से प्रति व्यक्ति पचास बोरी यूरिया की बिक्री दिखायी गयी। जबकि इन लोगों के पास खेती योग्य जमीन ही नहीं है। पावरलूम से इन लोगों की जीविका चलती है। जांच के दौरान इन सभी लोगों ने बीएओ को बताया कि हमलोगों ने खाद का उठाव नहीं किया है।

थानाध्यक्ष मणि पासवान ने बताया कि आवेदन के आलोक में जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। इस्मा,लपुर के पश्चिमी भिट्ठा में कुछ माह पहले भी रसायनिक खाद की कालाबाजारी को लेकर खाद बीज विक्रेता के ऊपर मामला दर्ज कराया गया है।

