नवगछिया/इस्माईलपुर: इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के मेघल टोला में शनिवार की सुबह खेत से नंदकिशोर मंडल का खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवगछिया ओम प्रकाश तथा इस्माईलपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी बुलाकर घटनास्थल का वैज्ञानिक और सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
Total Downloads: 165
तेजी से गठित विशेष टीम ने दो घंटे में पकड़ लिया आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी निगरानी, कॉल डिटेल विश्लेषण और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने महज दो घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी विकास कुमार (पिता–दिनेश मंडल, निवासी–बसगढ़ा, थाना–इस्माईलपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी को भगा ले जाने की रंजिश में की हत्या — आरोपी ने किया कबूल
पूछताछ में आरोपी विकास ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक नंदकिशोर मंडल के भतीजे ने उसकी पत्नी को भगा लिया था और पत्नी की वापसी के लिए वह लगातार प्रयास कर रहा था। मृतक पर वह आरोप लगाता रहा कि वह पत्नी की तलाश और वापसी में कोई सहयोग नहीं कर रहे थे। इसी आक्रोश और बदले की भावना में उसने 15 नवंबर की शाम खेत से लौट रहे नंदकिशोर मंडल की चाकू से गला व पेट काटकर निर्मम हत्या कर दी।

हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून लगे कपड़े बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में उपयोग किया गया चाकू, तथा वारदात के समय आरोपी द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। बरामदगी को एफएसएल जांच के लिए भेजा जा रहा है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य मजबूत किए जा सकें।
मृतक के पुत्र के बयान पर मामला दर्ज
मृतक के पुत्र द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर इस्माईलपुर थाना में कांड संख्या 196/25, धारा 103(1) बीएनएस
के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीपीओ ओम प्रकाश ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस हर कोण से जांच कर रही है और जल्द ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को भी स्पष्ट कर दिया जाएगा।
