नवगछिया। भागलपुर के एक सांसद से ठगी का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को रंगरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी केंद्रीय गृह मंत्री के फर्जी निजी सहायक (पीए) बनकर सांसद से पैसे की मांग कर रहे थे।
Total Downloads: 375
यह मामला 15 नवंबर 2025 को तब उजागर हुआ, जब भागलपुर के सांसद ने रंगरा थाना को शिकायत दी कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उन्हें फोन कर खुद को केंद्रीय गृह मंत्री का पीए बताते हुए रुपये की मांग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रंगरा थाना में कांड संख्या 274/25 दर्ज की गई और नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगरा थाना क्षेत्र से राजकुमार पांडे और रवि पांडे को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र स्थित जीवधरपुर गांव के रहने वाले हैं तथा पिता का नाम जगदंबा प्रसाद पांडे है।

पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे सांसद से पैसे ठगने के इरादे से केंद्रीय गृह मंत्री का फर्जी पीए बनकर कॉल कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से बरामद मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और तकनीकी जांच कर रही है। साथ ही, दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
