नारायणपुर। झंडापुर थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने गुरुवार की देर रात एक ट्रक से 288 कार्टन विदेशी शराब बरामद की। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक से शराब की बड़ी खेप झंडापुर होकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-31 पर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक ट्रक आते ही पुलिस टीम को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
ट्रक की तलाशी लेने पर बोरे में छिपाकर रखे गए 288 कार्टन विदेशी शराब के कार्टन बरामद किए गए। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि अज्ञात चालक एवं वाहन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ट्रक के नंबर प्लेट के आधार पर मालिक की पहचान करने में जुटी है।


