नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र के कटरिया रेलवे स्टेशन (46/6-9 के बीच) के पास अपराधियों ने एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक की गोली मार कर हत्या कर दी है. युवक के चेहरे पर चार गोली मारी गयी है जिससे मृतक का चेहरा पहचान के लायक भी नहीं है. घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थानाध्यक्ष माहताब खां, आरपीएफ इंस्पेक्टर पीएस दूबे, रेल थाना के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना स्थल पर पहुंच कर आवश्यक छनबीन किया है. देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिये नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया.
Total Downloads: 371
शव को प्रथम दृष्टया देखने से प्रतीत होता है कि युवक की मोटरसाइकिल को रोक कर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है. देर रात पुलिस युवक के शिनाख्त करने का प्रयास कर रही थी. युवक की मोटर साइकिल की नंबर प्लेट पर प्रखंड जदयू अध्यक्ष लिखा हुआ है जबकि मोटरसाइकिल का नंबर बीआर 11 ऐई 3797 है और नंबर प्लेट पर आशीष लिखा हुआ है.

पुलिस ने मोटरसाइकिल नंबर के सहारे मोटरसाइकिल मालिक का नाम जानने का प्रयास किया लेकिन डिटेल में यह आया कि वाहन का रजिस्ट्रेशन 14 जनवरी 2018 को कराया गया है और हीरो मोटो क्रॉप लि. पूर्णिया बिहार से मोटरसाइकिल खरीदी गयी है. वाहन मालिक का नाम पता दर्ज नहीं था. रंगरा के थानाध्यक्ष माहताब खां ने बताया कि घटना रेल थाना क्षेत्र की है. पुलिस मृतक के शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है.

