नवगछिया। जिले के लिए यह गर्व की बात है कि यहां की दो प्रतिभाशाली शिक्षिकाओं का चयन देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलंपियाड एक्सपोजर कैंप के लिए हुआ है।
चयनित शिक्षिकाओं में खरीक इंटर स्कूल की डॉ. शैल प्रज्ञा और लोदीपुर मध्य विद्यालय की प्रियंका कुमारी शामिल हैं।
यह आयोजन टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (TIFR) के अधीन होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन, मुंबई में 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित हो रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यह एक्सपोजर कैंप देशभर से चयनित शिक्षकों को ओलंपियाड प्रणाली, प्रयोगात्मक शिक्षण तकनीक और विज्ञान शिक्षण में नवाचारों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में प्रतिभागी शिक्षकों को देश-विदेश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों से संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।
डॉ. शैल प्रज्ञा और प्रियंका कुमारी ने बताया कि, “यह हमारे लिए गर्व की बात और सीखने का शानदार अवसर है। इस प्रशिक्षण से विज्ञान शिक्षण की आधुनिक विधियों को समझने और विद्यार्थियों को ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।”
इस पहल से ग्रामीण व अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। प्रशिक्षित शिक्षिकाएं प्रयोगों, मॉडलों और जीवंत उदाहरणों के माध्यम से विज्ञान को अधिक आकर्षक और रुचिकर बनाएंगी।

