प्रखंड की कदवा दियारा पंचायत के बगड़ी टोला में कोरोना संक्रमण की रफ्तार नहीं थम रही है। बगड़ी टोला में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 142 पहुंच गई है। 10 ऐसे परिवार हैं जिनके घर में कोई खाना बनाने वाला नहीं है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की मानें तो मरीजों की स्थिति ठीक है और मेडिकल टीम लगातार उनकी मॉनिटरिंग कर रही है। इसके साथ ही बगड़ी टोला सहित आसपास के गांव में लगातार लोगो की जांच की जा रही है। रविवार को पीड़ित परिवारों ने भोजन की व्यवस्था कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन से गुहार लगाई।

इसके बाद एसडीओ अखिलेश कुमार के निर्देश पर सीओ विश्वास आनंद ने बगड़ी टोला पहुंचे और मरीजों,उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से मरीजों को घर पर ही भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने कहा कि अंचल अधिकारी द्वारा बगड़ी टोला का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान 10 पीड़ित परिवार ने भोजन आपूर्ति की सहमति दी है। पीड़ित मरीजों को रविवार शाम से ही भोजन आपूर्ति शुरू कर दी गई है। सभी को नवगछिया से पैकेट बंद भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

खरीक में 260, नारायणपुर में 360, पीरपैंती में 70 ने लिया टीका

खरीक/नारायणपुर/पीरपैंती | खरीक में शिखरचंदचंडी प्रसाद मिडिल स्कूल और ध्रुवगंज शिविर में 260 लोगों ने वैक्सीन ली। पीएचसी प्रभारी डॉ. नीरज कुमार सिंह ने बताया कि जांच में एक भी मरीज नहीं मिला। वहीं नारायणपुर में 360 लोगों ने वैक्सीन ली। जबकि 251 लोगों की जांच में मधुरापुर की एक महिला संक्रमित पाई गई। पीरपैंती रेफरल अस्पताल में 112 लोगों की जांच में कोई मरीज नहीं मिला। 60 लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिया गया। वहीं 70 लोगों ने टीका लिया।

नवगछिया मेंं 365 लोगों की जांच में 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव

रविवार को अनुमंडलीय अस्पताल की चार टीमों ने 365 लोगों की जांच की। इसमें 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. वरुण कुमार ने बताया कि बगड़ी टोला में तीन संक्रमित मिले। प्रतापनगर में 132 लोगों की जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई ।श्रीपुर में 100 लोगों की जांच में सभी निगेटिव पाए गए। अनुमंडल अस्पताल में जांच में आठ संक्रमित मिले। उन्होंने बताया कि रविवार को 360 लोगों को वैक्सीन दी गई। वहीं रंगरा में 260 लोगों ने टीका लिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *