भागलपुर : कोर्ट परिसर से भागने की कोशिश करने वाले स्मैक तस्कर सिपाही करण राज सहित तीन अभियुक्तों को कोर्ट ने पांच-पांच दिन की पुलिस रिमांड दी है। करण के अलावा जिन अभियुक्तों की पुलिस को रिमांड मिली है उनमें कन्हैया और दीपक शामिल हैं। उन तीनों को ही नवगछिया की रंगरा, गोपालपुर पुलिस ने स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। आठ जून को जब तीनों को पेशी के लिए भागलपुर लाया गया था तो सिपाही करण राज हाथ से हथकड़ी निकाल भाग निकला था। उसे इशाकचक पुलिस ने फिर से पकड़ा और रंगरा पुलिस के हवाले कर दिया था।
Total Downloads: 332
नशीले पदार्थ की तस्करी में शामिल सिपाही सस्पेंड है, बर्खास्तगी भी हो सकती है
नशीले पदार्थ की तस्करी में शामिल सिपाही करण राज जमुई जिले में पदस्थापित था। उसकी इस करतूत की वजह से वह सस्पेंड किया जा चुका है। उसकी बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी चल रही है। नवगछिया पुलिस ने जिस वाहन को पकड़ा था उसे करण ही चला रहा था।
रिमांड मिलने पर पुलिस उन तीनों ही आरोपियों से पूछताछ करेगी और यह जानने की कोशिश करेगी कि नशीले पदार्थ की तस्करी में उनके साथ और कौन लोग शामिल हैं। उनके पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है नवगछिया पुलिस।

