नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित तीनटंगा जहाज घाट पर शनिवार की दोपहर गंगा स्नान के दौरान 17 वर्षीय युवक सूरज कुमार की डूबने से मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के औलियाबाद वार्ड संख्या-5 निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है। सूरज अपने चाचा मनोज ईश्वर और चाची जुली देवी के साथ छठ पर्व की तैयारी के लिए गंगा स्नान करने तीनटंगा घाट गया था।

स्नान के दौरान लगभग 11:30 बजे उसका पांव फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में चाचा मनोज ईश्वर भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मनोज को किसी तरह बाहर निकाला, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन सूरज गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष पुनि मिथलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और शव की तलाश शुरू की। खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था।

घटना स्थल पर चाचा-चाची और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, औलियाबाद गांव में मातम छा गया।

परिजनों के अनुसार, सूरज औलियाबाद उच्च विद्यालय में प्लस टू का छात्र था। उसके पिता मुकेश ईश्वर और मां मेनुका देवी दिल्ली में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों दिल्ली से घर के लिए रवाना हो गए हैं।

थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि “गंगा में स्नान के दौरान एक युवक डूब गया है। शव की तलाश जारी है। बरामदगी के बाद पोस्टमार्टम और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर परिजन को सरकारी सहायता दी जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *