नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड में शांतिपूर्ण मतदान की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। स्वच्छ व निष्पक्ष चुनाव कराने की मुकम्मल व्यवस्था कर ली गई है। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ग्यारहवें चरण में गोपालपुर, इस्माईलपुर व सुल्तानगंज प्रखंडों में रविवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान निर्धारित समय पर होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव में सुरक्षा कई स्तरों पर की गई है ताकि चुनाव में किसी तरह का व्यवधान नहीं हो। मौके पर नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने कहा कि हरेक पंचायतों में अलग-अलग थानाध्यक्षों को दंडाधिकारियों के साथ प्रतिनियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार गोपालपुर प्रखंड में 34529 पुरुष, 30683 महिला व छह अन्य मतदाता 122 मतदान केन्द्रों पर मतदान में भाग लेंगे। 700 भवनों में मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। तीन सहायक व 11 चलंत मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। 111 संवेदनशील, 11 अति संवेदनशील मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। जगदम्बा कन्या मध्य विद्यालय गोपालपुर व मध्य विद्यालय सैदपुर को आदर्श मतदान केन्द्र व मध्य विद्यालय मालपुर उत्तरी व दक्षिणी भाग तथा जगदंबा कन्या मध्य विद्यालय गोपालपुर में तथा मध्य विद्यालय सैदपुर में वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
इस्माईलपुर प्रखंड में कुल 29,986 मतदाताओं में से 15550 पुरुष मतदाता, 14435 महिला व एक अन्य मतदाता त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान की प्रक्रिया में भाग लेंगे। 41 भवनों में 70 मतदान केन्द्र व एक चलंत मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। इनमें 30 संवेदनशील व 37 अतिसंवेदनशील केन्द्र बनाये गये हैं। मतदान केन्द्र संख्या 26 प्राथमिक विद्यालय मुस्लिम टोला लक्ष्मीपुर व मतदान केन्द्र संख्या 32 प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर नया टोला को आदर्श मतदान केन्द्र व वेब कास्टिंग मतदान केन्द्र बनाया गया है।

जिला परिषद के लिये 7, मुखिया के लिये 43, सरपंच पद के लिये 39, पंचायत समिति पद के लिये 44, वार्ड सदस्य पद के लिये 312 व पंच पद के लिये 136 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। 420 मतदान कर्मी, 37 गश्ती दंडाधिकारी, 18 सेक्टर दंडाधिकारी, दो जोनल व एक सुपर जोनल दंडाधिकारी व आठ सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाये गये हैं।

