नवगछिया । नवगछिया में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर नवगछिया पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, अर्ध निर्मित हथियार बरामद किया है। नवगछिया  एसपी सुशांत कुमार सरोज ने शुक्रवार को  गोपालपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में  गोपालपुर व रंगरा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण व हथियार की खरीद बिक्री के  रैकेट का खुलासा किया।

एसपी ने बताया कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के कुख्यात आर्म्स तस्कर सुमन चौधरी उर्फ बुचकुन चौधरी द्वारा बड़े पैमाने पर हथियार की बिक्री करने के लिए तेतरी दुर्गास्थान की तरफ आने की सूचना मिली। तत्काल एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्त्व में गठित छापेमारी दल ने  लक्ष्मीपुर चौक के पास सुमन चौधरी को तीन पिस्टल, छत्तीस गोली और बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर उसके बड़ी मकंदपुर स्थित घर से छापेमारी कर उसके पुत्र भानू चौधरी उर्फ भोले और मनोज कुमार भारती निवासी ग्राम मिल्की टोला थाना ढोलबज्जा को दो देसी कट्टा, पांच गोली, पचीस हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया। सुमन चौधरी के घर पर खड़ी कार से तीन देसी कट्टा और उसके घर से इंसास की ग्यारह गोली बरामद की गई। इस दौरान हथियार की डिलीवरी दने आए कमल चौधरी निवासी भीमदास टोला वर्त्तमान वार्ड नंबर तेरह चौधरी टोला कहलगांव को धर दबोचा। तलाशी में उसके पास से तीन देसी कट्टा, सात एसएलआर की गोली बरामद किया।

रंगरा के झल्लू दास टोला में मिली मिनी गन फैक्ट्री :

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जानकारी मिली कि रंगरा ओपी के झल्लूदास टोला निवासी कारे लाल मंडल अपने बासा पर कुछ स्थानीय कारीगरों की मदद से हथियार बनाने का काम करता है। जहां से ये लोग हथियार लाकर बेचते हैं। पुलिस ने कारेलाल मंडल को गिरफ्तार कर उसके बासा से पांच कट्टा, बारह अर्द्धनिर्मित पिस्टल सेट और पच्चीस गोली बरामद किया। कारेलाल ने बताया कि बासा पर पहले पुत्र संजय मंडल हथियार बनाता था, लेकिन हथियार तस्करी के मामले में नाथनगर थाना क्षेत्र से जेल जाने के बाद स्थानीय कारीगर मुकेश ठाकुर ग्राम कटचीरा और ऋषि शर्मा ग्राम अजमाबाद से अपने बासा पर हथियार बनवाता है। मुकेश ठाकुर के घर पर छापेमारी करने पर एक मास्केट व चार गोली, एक मास्केट का अर्द्धनिर्मित पच्चीस बैरल बरामद हुआ। ऋषि शर्मा के घर से छापेमारी कर एक मास्केट बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों में कई हथियार तस्करों की जानकारी प्राप्त हुई है।

सात हथियार तस्कर धराए

एसपी ने बताया कि सात अपराधियों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया। सुमन चौधरी उर्फ बुचकुन चौधरी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। गोपालपुर थाना व खगड़िया जिले के परबत्ता थाना  में हथियार तस्करी के मामले में जेल की हवा खा चुका है।इसके पूर्व भी उसके घर से मिनी गन फैक्ट्री पकड़ाया था। सुमन चौधरी के पुत्र भानू चौधरी उर्फ भोले को भी गिरफ्तार किया गया है। मनोज कुमार भारती  मधेपुरा जिले के चौसा थाना में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल के हवा खा चुका है। कमल चौधरी का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। मुकेश ठाकुर और राम प्रसाद ठाकुर ऋषिशर्मा को गिरफ्तार किया गया  है।

छपेमारी में बरामद हथियार :

पुलिस द्वारा छापेमारी में तीन पिस्टल, 15 कट्टा, दो मास्केट, 7.65 एमएम का छत्तीस पीस गोली, इंसास राइफल की ग्यारह पीस गोली, एसएलआर राइफल की सात पीस गोली, 0.303एमएम की पांच पीस गोली, अर्द्धनिर्मित पिस्टल  बारह पीस, मास्केट का अर्द्धनिर्मित बैरल पचीस पीस, एक कार, एक बाइक, पच्चीस हजार रुपये और मोबाइल मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *