रंगरा | थाना क्षेत्र के गोपी ढाबा के समीप एनएच-31 पर रविवार की दोपहर लगभग 1 बजे के करीब ट्रक चालक के साइड नहीं देने के विवाद में बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने ट्रक चालक पर गोली चला दी। इसमें ट्रक चालक और खलासी बाल-बाल बच गए।
शाहकुंड के जगरिया निवासी ट्रक चालक वरुण कुमार के फर्द बयान पर रंगरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। बताया जाता है कि ट्रक चालक एचपी कंपनी का गैस सिलेंडर लोड कर पूर्णिया जा रहा था। उस दौरान नवगछिया न्यायालय के ठीक सामने साइड नहीं देने को लेकर ट्रक चालक व बाइक सवार दो युवकों के बीच विवाद हो गया।

इसके बाद दोनों बाइक सवार युवकों ने ट्रक को ओवरटेक कर गोपी ढाबा के समीप ट्रक को रोककर ट्रक चालक पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देकर अपराधी भागने में सफल रहे। रंगरा थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गोली चलाने वाले अपराधियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।


