बिहपुर । प्रखंड के मड़वा पश्चिम पंचायत के वार्ड नंबर छह राय टोला में जमीन विवाद में छोटे भाई राजू राय ने बड़े भाई अनिल राय(53वर्ष ) की गोली मार कर हत्या कर दी। पुलिस हत्यारे की तलाश में छापेमारी कर रही है।

रविवार की दोपहर अनिल राय का पुत्र दीपक राय, दयाशंकर कुमार और मोहित कुमार बांस के बिट्टी से बांस काट रहे थे। इसी दौरान राजू राय बांस काटने से मना करने पहुंचा और भतीजे दीपक से उसकी झड़प हो गई। वहीं पर बांस काटने वाले हंसुआ से उसने दीपक के कंधे पर वार कर घायल कर दिया और दयाशंकर व मोहित को लाठी से पीटा। वहीं थोड़ी दूरी पर खेत में एक मचान पर लेटे बड़े भाई अनिल को पेट में गोली मार दी। जिस कारण अनिल मचान से नीचे गिर गए। राजू राय भाग गया। गोली की आवाज सुन आसपास के लोग दौड़े और अनिल व दीपक को बिहपुर सीएचसी भेजा। जहां अनिल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज रेफर कर दिया। वहीं मायागंज जाने के दौरान रास्ते में अनिल की मौत हो गई। घायल दीपक का इलाज कर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बिहपुर अस्पताल में घायल दीपक ने बताया चाचा राजू राय ने हमको हंसुआ से और मेरे पिता अनिल राय को गोली मारी है। बांस काटने के दौरान विवाद हुआ था।

मिली जानकारी के अनुसार बड़ा भाई अनिल जमीन का बंटवारा कर राजू को नहीं दे रहा था। कई बार पंचायत भी हुई थी पर बात नहीं बन सकी। सूचना पर झंडापुर ओपी प्रभारी भूपेंद्र कुमार व दरोगा पवन सिंह मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस को सूचना मिली की गोली मार कर राजू गंगा दियारा की ओर भागा है। पुलिस दियारे में छापेमारी कर रही है। इधर हत्या की खबर सुनकर अनिल राय की पत्नी फुलो देवी समेत अन्य परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल हो रहा था।

इस घटना के बाबत एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई की गोलीमार हत्या की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *