नवगछिया : साल के पहले दिन भी नवगछिया और आस पास के जिले के लोगों को जाम का सामना करना पड़ा. अन्य दिनों की अपेक्षा जाम कुछ कम था लेकिन भागलपुर आने जाने में दो घंटे से ज्यादा समय लग रहा था तो नवगछिया के राष्ट्रीय राजमार्ग पर जीरो माइल से लेकर मकंदपुर चौक तक भीषण जाम लगा रहा.

साल के पहले दिन भी लोगों को करना पड़ा जाम का सामना

– पूर्णियां सांसद भी फंसे जाम में, कहा यातायात व्यवस्था में है कमी

– शाखा सड़क के साथ साथ, राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी लगा रहा जाम

कई ऐसे ट्रक चालक हैं जो पिछले 24 घंटे से जाम में फंस कर परेशान हैं तो यात्री वाहनों के चालक और यात्रियों को दिन भी जाम से जूझते देखा गया. पूर्णियां के श्रीप्रकाश महतो को पूर्णियां से भागलपुर जाना था लेकिन वे चार घंटे में भी भागलपुर नहीं पहुंच पाये. जीरोमाइल में उनकी बस जाम में बुरी तरह से फंस गयी थी. उधर विक्रमशिला सेतु पथ की स्थिति भी खराब थी. सड़क के एक तरफ ट्रकों की लंबी कतार रहने के कारण यहां भी रह रह कर जाम लग गया था. दूसरी तरफ विक्रमशिला सेतु पथ के ब्रांच रोड 14 नंबर सड़क पर भी कलबलिया धार के पास सड़क खराब रहने के कारण जाम की स्थिति देखी गयी.

मंगलवार को लगे जाम में कुछ देर के लिए पूर्णियां लोकसभा क्षेत्र के जदयू सांसद संतोष कुशवाहा भी जाम में फंस गये. सांसद को जाम में फंसा देख नवगछिया के मीडिया कर्मी जैसे ही उनसे जाम पर सवाल पूछा तो उन्होंने अपने वाहन की खिड़की को बंद कर लिया. देर शाम संतोष कुशवाहा ने फोन पर बताया कि नवगछिया में पिछले एक माह से जाम लग रहा है. जिससे लोगों नवगछिया ही नहीं आस पास के जिले के लोग भी परेशान हैं. उन्होंने कहा कि यातायात में कुछ प्रशासनिक कमी जरूर है. इसके लिए संबंधित अधिकारी से बात चीत कर निदान निकाला जायेगा.

नवगछिया के ढोलबज्जा निवासी जदयू नेता प्रशांत कुमार कन्हैया ने कहा कि नवगछिया में जाम की समस्या विकराल हो गयी है. जाम से निजात पाने के लिए प्रशासनिक पदाधिकारियों को ठोस कदम उठाना चाहिए. विक्रांत वैभव ने कहा कि नवगछिया के स्थानीय जनप्रतिनिधि जाम की समस्या को लेकर उदासीन है. क्षेत्र के युवाओं को आगे आना चाहिए. अधिवक्ता दीपेंद्र कुमार सिंहा ने कहा कि पदाधिकारियों को इमानदारी से अपना काम करना चाहिए. अगर ऐसा हो तो जाम की समस्या से निदान पाया जा सकता है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *