नवगछिया : बस स्टैंड के पास खादी भंडार में बनाए गए नए टीओपी के गेट के सामने से चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस के नाक के नीचे से चोरों ने टीओपी के सामने खड़े एक ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल और ट्रक के चार टायर चुरा लिए। इसको लेकर वाहन मालिक भागलपुर के बबरगंज निवासी मो. दानिश ने नवगछिया थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में कहा गया है कि सोमवार की रात ट्रक खराब होने पर टीओपी के सामने गाड़ी को खड़ा करा दिया।
Total Downloads: 331
इसके बाद गब्बर मिस्त्री ने डीसी का हेड खोलकर मुझे ठीक करवाने के लिए दिया। मैं ठीक करवाने देवघर चला गया। मंगलवार सुबह 9 बजे ड्राइवर ने फोन कर कहा कि गाड़ी के पीछे का चारों टायर और 150 लीटर डीजल तेल चोरी हो गई। है। ट्रक मालिक ने बताया कि टायर और तेल की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है। बताया कि 5 दिन पहले ही गाड़ी में चारों टायर लगाए थे। नवगछिया थानाध्यक्ष भारत भूषण ने कहा कि आवेदन मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
24 जनवरी को टीओपी से महज 200 मीटर की दूरी पर बीओआई में हुई थी 10 लाख की लूट
नवगछिया एसपी सुशांत सरोज ने एनएच-31 सहित आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बस स्टैंड के पास टीओपी का उद्घाटन कुछ दिन पूर्व ही किया था। मगर टीओपी के खुलने के बाद भी आपराधिक घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। 24 जनवरी को टीओपी से महज 200 मीटर की दूरी पर बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पांच हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर करीब 10 लाख रुपए लूट लिए थे।

