नवगछिया पुलिस ने खरीक थाना क्षेत्र के अठनिया गांव में हुए ट्रैक्टर चालक की हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह वारदात जमीनी विवाद को लेकर अंजाम दी गई थी।

यह घटना 8 सितंबर 2025 को अठनिया गांव में हुई थी, जहां अज्ञात अपराधियों ने एक ट्रैक्टर चालक को गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के बेटे कुंदन कुमार के बयान पर खरीक थाने में मामला दर्ज किया गया था।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में 17 दिसंबर 2025 को शूटर रविंद्र कुमार मंडल को भागलपुर हवाई अड्डा से गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे शूटर रमेश कुमार को पूर्णिया जिला से दबोचा गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर रमेश कुमार के घर से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि मृतक के रिश्तेदारों द्वारा इस वारदात के लिए उन्हें पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। नवगछिया सीडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *