नवगछिया/बिहपुर। अष्टादश बिहार विधानसभा के द्वितीय सत्र के दौरान बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई. शैलेंद्र द्वारा बिहपुर थाना के जर्जर भवन का मुद्दा उठाए जाने पर राज्य सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से निर्माण कार्य के लिए बड़ी राशि की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
Total Downloads: 493
गृह विभाग के संयुक्त सचिव कमल नयन ने सात फरवरी को जानकारी दी कि बिहपुर थाना भवन के पुनर्निर्माण, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 8 करोड़ 57 लाख 75 हजार 300 रुपये की स्वीकृति दी गई है।
सरकार द्वारा तय लक्ष्य के अनुसार इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य को दिसंबर 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। नया थाना भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम जनता को भी बेहतर प्रशासनिक सुविधा मिल सकेगी।

स्थानीय लोगों ने विधायक द्वारा विधानसभा में यह मुद्दा उठाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से जर्जर अवस्था में रहे थाना भवन के कारण कार्य में परेशानी होती थी। नए भवन के निर्माण से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
