नारायणपुर/गोपालपुर। भवानीपुर थाना पुलिस ने छापेमारी कर कुशहा बांध के पास स्थित एक किराना दुकान से चार लीटर देसी शराब बरामद की है। मौके से दुकानदार लाल बिहार शर्मा (निवासी–रायपुर गांव) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब की बिक्री करता था। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में शराब बरामद हुई। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं, गोपालपुर थाना पुलिस ने इस्माइलपुर–बिंदटोली तटबंध पर गश्त के दौरान 50 लीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने शक के आधार पर एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बोरे में रखी शराब फेंककर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की पहचान में जुटी है।


