नवगछिया में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, चार गिरफ्तार; दो पिस्तौल समेत हथियार बनाने का सामान बरामद
नवगछिया। अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भवानीपुर थाना क्षेत्र के बांधा बहियार स्थित दियारा इलाके में संचालित मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने उद्भेदन किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार कथित कारीगरों को गिरफ्तार किया है। मौके से दो निर्मित देशी पिस्तौल, छह कारतूस, पांच मैगजीन समेत हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
Total Downloads: 371
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को भवानीपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वीरबन्ना निवासी मृत्युंजय यादव अपने साढ़ू मुकेश यादव के साथ मिलकर बाहर से हथियार बनाने वाले कारीगरों को बुलाकर दियारा क्षेत्र में अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित कर रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद नवगछिया एसपी वैभव शर्मा के निर्देश पर नवगछिया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने एसटीएफ के साथ संयुक्त रूप से बांधा बहियार के दियारा इलाके में छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से मो. तौसिक, मो. अरमान, मुकेश यादव और मनीश कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया।

एक आरोपित मौके से फरार
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति मौके से भागने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उसकी पहचान वीरबन्ना निवासी मृत्युंजय यादव के रूप में बताई गई है। पुलिस अब फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
मामले में भवानीपुर थाना कांड संख्या 242/26, दिनांक 5 अक्टूबर 2026, दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान हथियार निर्माण और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में कुछ का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। मो. तौसिक और मो. अरमान के खिलाफ मुंगेर जिले के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वहीं मुकेश यादव के खिलाफ मानसी थाना में भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज होने की बात सामने आई है।
तीन महीने में तीसरी मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस कार्रवाई में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में नवगछिया पुलिस जिले में तीन अवैध मिनी गन फैक्ट्रियों का उद्भेदन किया जा चुका है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
