नवगछिया अनुमंडल के कई बांधों पर कोसी व गंगा के दबाव से कटाव का खतरा है। बुधवार की अहले सुबह इस्माइलपुर बिंद टोली बांध की सुरक्षा में बनाया गया स्पर संख्या 9 पर गंगा का भीषण कटाव शुरू हुआ और स्पर का बोल्डर पीचिंग का अगला हिस्सा कटकर नदी में समा गया है। स्पर में धंसान की स्थिति बन गई है, इससे स्पर के वजूद पर खतरा बढ़ गया है। इलाके में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसकी सूचना पर जल संसाधन विभाग की टीम बोरे में मिट्टी डालकर स्पर कटे हुए हिस्से को रि-स्टोर करने में जटी है।
नदी खतरे के निशान से ऊपर होने से स्परों पर पानी का दबाव अधिक है। इससे पहले स्पर संख्या छह एन कटाव की भेंट चढ़ चुका है। नदी का सीधा दबाव रिंग बांध पर आ गया है। नवगछिया में गंगा खतरे के निशान 31.60 मीटर से ऊपर 1.54 सेंमी. 33.14 मीटर पर बह रही है, यहां प्रति 6 घंटे में 1 सेंमी. गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है, कई नए इलाके में पानी फैल रहा है। एकचारी-महगामा पथ पर गंगा का पानी चल रहा है। इसके पहले पीरपैंती और कहलगांव प्रखंड के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं।


बिहपुर के नरकटिया नन्हकार जमींदारी बांध पर भी गंगा का कटाव जारी है। नरकटिया गंाव के पास करीब चार सौ फीट के दायरे में बांध कटकर नदी में समा चुका है। कटाव के मुहाने पर कई लोगों के घर आ गए हैं। जल संसाधन विभाग की टीम इलाके के ग्रामीणों के साथ बचाव कार्य में जुटी है। बांध के कटकर नदी में समाने के बाद भी किनारे स्थित घर पानी को रोके हुए है। कटाव के मुहाने पर स्थित घर का तीन पीलर हवा में झूल रहे हैं। यहां बचाव कार्य चल रहा है।
उक्त घर के काटने के बाद बाढ़ का पानी पूरे इलाके में फैल जाएगा और इलाके में भारी तबाही मचेगी। रुक-रुक कर कटाव जारी है, इससे स्थिति भयावह है। उधर, गोसाईं गांव जमींदारी बांध पर भी नदी का दबाव बना हुआ है। फिलहाल यहां स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन बांध के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन बांध की निगरानी करा रहा है, यहां की स्थिति से पदाधिकारी अपडेट हो रहे हैं। इसके ध्वस्त होने के साथ ही नवगछिया अनुमंडल बाढ़ की चपेट में आ जाएगा। तेतरी जाह्नवी चौक 14 नंबर सड़क की स्थिति अभी भी दयनीय है, सड़क पर पानी का दबाव जारी है।

इस्माइलपुर-बिंद टोली बांध के स्पर 9 पर कटाव के बाद बोल्डर पीचिंग के बहने पर बचाव कार्य करते मजदूर।
बनिया वैसी बांध पर कोसी का दबाव, मिट्टी के बोरी से रो का गया है नदी का पानी
इधर, कोसी के जलस्तर में हुई वृद्धि के बाद नवगछिया अनुमंडल के नए इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। श्रीपुर के पास स्थित बांध में रिसाव होने से नवगछिया नगर पंचायत का वार्ड सात और वार्ड आठ कोसी नदी की बाढ़ के चपेट में आ गया है। बनिया वैसी के पास बांध की स्थिति नाजुक बनी हुई है। बांध पर बोरे में मिट्टी डालकर नदी के पानी को रोका गया है। जहांगीपुर वैसी पंचायत में भी बांध की स्थिति भी नाजुक है। बनिया वैसी बांध के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में नवगछिया नगर सहित भवानीपुर, सधोपुर, नगरह, बनिया वैसी, नवादा बाढ़ की की चपेट में आ जाएगा। हालांकि कोसी नदी के जलस्तर में बुधवार को आंशिक कमी होने की बात तटवर्ती गांव के लोग बात रहे हैं। लोगों में दहशत का माहौल है

