नवगछिया : एसटीएफ और नवगछिया पुलिस ने नवगछिया के नवादा में शुक्रवार की रात छापेमारी कर देसी पिस्टल एवं अर्धनिर्मित पिस्टल के साथ हथियार बनाने के सामान का जखीरा बरामद करते हुए मिनीगन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने इसके साथ ही हथियार बनाने वाले मुंगेर के शातिर धर्मेंद्र कुमार धारो और नवादा के सवधेश यादव को गिरफ्तार किया है।
Total Downloads: 174
एसपी सुशांत कुमार सरोज ने प्रेसवार्ता कर बताया कि सूचना मिली थी कि नवगछिया में बाहर के हथियार तस्करों द्वारा अवैध रूप से आग्नेयास्त्र का निर्माण और बिक्री की जा रही है। बिहार एसटीएफ की टीम भी इसकी सूचना संकलन करने में लगी हुई थी। नवगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक टास्क फोर्स का गठन किया गया। जिसमें नवगछिया थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण, सनि प्रभात कुमार, सआनि मकबूल अहमद, प्रशिक्षु दारोगा राजेश रंजन, पुनम कुमारी ने एसटीएफ के साथ जगह-जगह छापेमारी की।
टास्क फोर्स ने तेतरी में सवधेश यादव को बाइक के साथ पकड़ा, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से दो मैग्जीन, दो गोली 07.65 तथा अवैध आग्नेयास्त्र बनाने का औजार बरामद किया गया। पूछताछ के बाद उसने बताया कि मुंगेर जिला के धर्मेंद्र कुमार उर्फ धारो उसके घर पर रहकर अवैध हथियार का निर्माण अपनी देखरेख में कराता है । हथियारों का कई जिलों में बिक्री भी करता है। इसके बदले उसे दो हजार रुपए प्रति हथियार मिलता है। पुलिस टीम ने सवधेश यादव के घर पर छापेमारी की तो तीन अर्धनिर्मत पिस्टल और अवैध हथियार बनाने वाले उपकरण बरामद किये गये। पूछताछ में पता चला कि धर्मेंद्र कुमार उर्फ धारो पास के ही जितेंद्र यादव के घर छुपा है। वहां से धर्मेंद्र उर्फ धारो को एक लोडेड देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सवधेश यादव (28) नवादा एवं धर्मेंद्र कुमार उर्फ धारो (26) मुंगेर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

एसपी ने बताया कि जितेंद्र यादव के घर से आरोपी पकड़ाया है। उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। अगर संलिप्त पाया गया तो उसकी भी गिरफ्तारी होगी। पूरी टीम दो दिनों से इसके पीछे लगी हुई थी। एसपी ने कहा कि पूछताछ के दौरान कई लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है। उनलोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की गई थी लेकिन वे फरार पाए गए।
