नारायणपुर। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी अजय रविदास के प्रचार वाहन पर लगे पोस्टर फाड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की शाम नारायणपुर प्रखंड के चौहद्दी गांव की है।
जानकारी के अनुसार, प्रचार वाहन (टोटो) चालक बंटी कुमार जब गांव में प्रचार कर रहा था, तभी कुछ लोगों ने वाहन पर लगे पोस्टर फाड़ दिए। विरोध करने पर चालक के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
घटना को लेकर प्रत्याशी अजय रविदास ने भवानीपुर थाना में आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


