नवगछिया : मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकांत राय ने इस संबंध में नवगछिया के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने बताया है कि तेतरी मौजा स्थित उनकी निजी भूमि पर ग्रामीणों के सहयोग से वर्षों पूर्व बजरंगबली मंदिर का निर्माण कराया गया था। अब उसी भूमि के एक हिस्से पर गांव के कुछ दबंग लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि मंदिर के पीछे की ओर जमीन में पिलर गाड़कर अवैध निर्माण की तैयारी की जा रही है।
रामकांत राय का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को गाली-गलौज की गई, मारपीट की धमकी दी गई और जान से मारने की चेतावनी भी दी जा रही है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी भी समय गंभीर घटना घट सकती है, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग हो सकती है।

मंदिर समिति अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मंदिर और संबंधित भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आवेदन की प्रतिलिपि राज्य के वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भी भेजी है।
मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और वे भी मंदिर की भूमि की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

