नवगछिया । कोसी पार भागलपुर-मधेपुरा सीमा स्थित कदवा प्रताप नगर के आगे बाबा बिशु राउत सेतु पथ पर मोहन सिंह के बासा के पास बुधवार को मकई सुखाने के दौरान दो किसानों को पिकअप ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गयी। मृतकों में प्रताप नगर निवासी मातो राय (55 वर्ष) और गोपाल सिंह (37 वर्ष) शामिल हैं। मृतक गोपाल सिंह अपने फूफा उमेश सिंह के घर प्रतापनगर में बचपन से ही रहता था।
Total Downloads: 79
बुधवार की सुबह मातो राय फोरलेन पर सूखे मकई को बोरे में बंद कर बोरा सील रहा था। बगल में गोपाल सिंह बैठकर उससे बात कर रहा था। इसी दौरान भागलपुर से उदाकिशुनगंज जा रहे एक पिकअप दोनों को रौंदते हुए भटगामा जीरोमाइल की तरफ भाग निकला। स्थानीय लोगों ने पिकअप का पीछा करते हुए चौसा मधेपुरा के खलीफा टोला पुलिस चेक पोस्ट समीप बैरियर पर चालक समेत वाहन पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी चालक मधेपुरा के बिहारीगंज थानाक्षेत्र के मोहनपुर चौमो गांव निवासी सुनील कुमार है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे कदवा ओपी पुलिस द्वारा शव को उठा कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। अनुमण्डल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

