नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र के कालूचक में मंगलवार को बकरी बांधने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने 55 वर्षीय पीताम्बर सिंह को लाठी से मार दिया जिससे उनकी मौत हो गयी। लाठी पीताम्बर सिंह के सिर के पिछले हिस्से में लगी और वे गिर पड़े।
Total Downloads: 83
जानकारी के अनुसार कालूचक के पीताम्बर सिंह की बकरी बांधने के कारण गंदगी होने पर देवेन्द्र सिंह की पुत्री द्वारा बार-बार मना किया जाता था, लेकिन वे नहीं मानते थे। मंगलवार को बकरी बांधने से मना करने पर पीताम्बर सिंह ने देवेन्द्र सिंह की पुत्री को एक थप्पड़ मार दिया। उसके बाद दोनों पक्षों में गाली गलौज और मारपीट होने लगी। इसी बीच देवेन्द्र सिंह के पुत्र रोशन सिंह ने पीताम्बर सिंह के ऊपर लाठी से हमला बोल दिया। लाठी उनके सिर के पीछे लग गयी। वे वहीं पर अचेत होकर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजनों द्वारा उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रंगरा लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष नीरज कुमार रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे और मृतक के परिजनों से मामले की जानकारी लेकर शव को पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक की पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी की जा रही है। वहीं घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
