नारायणपुर। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलहा मधुरापुर बाजार में रविवार की रात अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
Total Downloads: 160
पीड़ित संजीत कुमार ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजकर 33 मिनट पर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मोबाइल में कैद हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त क्षेत्र में पूर्व में भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
चोरों ने वर्मा सेल के समीप स्थित हनुमान मंदिर, मधुरापुर मनिहारी पट्टी स्थित काली मंदिर तथा ओमप्रकाश सिंह के ठेला वाहन को निशाना बनाया। चोरी की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।

घटना की सूचना भवानीपुर थाना को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
