नवगछिया : बाजार इन दिनों जाम् की जद में है। बाजार में दुकानदारों ने सड़क के दोनों ओर कब्जा कर अपनी दुकानें लगा ली हैं। इससे रोज जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इससे बाजार में खरीदारी करने आए लोगों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के गांव का मुख्य बाजार होने के कारण यहां लोग खरीदारी के लिए आते हैं। लेकिन नगर परिषद क्षेत्र में हड़िया पट्टी, स्टेशन रोड, वैशाली चौक से स्टेशन रोड, सहित अन्य सड़कों किनारे दुकानदारों ने सामान रखे हैं, जिससे लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है।
Total Downloads: 79
स्टेशन के दोनों ओर फिर सब्जी हाट लगने से जाम की समस्या और बढ़ जाती है। जाम के कारण यात्रियों की ट्रेन भी छूट रही है। मालूम हो कि सब्जी हाट को रेलवे की जमीन पर मालगोदाम के पास शिफ्ट कर 123 विक्रेताओं को जगह आवंटित की गई थी। कोरोना काल में कुछ दिन सब्जी हाट उसी जगह पर लगी, लेकिन अब सब्जी विक्रेता फिर स्टेशन रोड में अपनी दुकान लगा रहे हैं।
बाइक सवार और राहगीरों का चलना भी मुश्किल :
नवगछिया बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों ने कहा कि स्थिति यह है कि सभी जगहों पर दुकानदारों द्वारा सड़क पर ही सामान रख दिया गया है। इससे पैदल चलने में भी परेशानी होती है। यहां तक कि अगर मोटरसाइकिल घुस जाए तो जाम की स्थिति हो जाती है। कई लोगों ने कहा कि नवगछिया बाजार की सड़कें पहले इतनी चौड़ी थी कि आराम से चार पहिया वाहन आते-जाते थे। मगर अब दो मोटरसाइकिल जा पाना मुश्किल है। आरपीएफ इंस्पेक्टर मृणाल कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी मिली है। पूर्व में रेलवे की जमीन होने के कारण वहां आदेश नहीं दिया गया। अब उस जमीन को राज्य सरकार लीज पर लेगी इसके बाद ही वहां हाट लग सकती है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्टेशन रोड से कब्जा हटाया जाएगा।

