नवगछिया । बाबा बिशु राउत सेतु पहुंच पथ पर किये गये अतिक्रमण को प्रशासन द्वारा बुधवार को हटाया गया। कदवा के फोरलेन सड़क के बीच डिवाइडर को स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया था, जिससे आए दिन छोटे-बड़े वाहनों की ठोकर से लोग सड़क दुघर्टना के शिकार हो जा रहे थे।
Total Downloads: 323
इसे देखते हुए कदवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह की विशेष पहल पर वहां के मुखिया नरेश सिंह, उप मुखिया प्रतिनिधि मृत्युंजय सिंह, पंचस मृत्युंजय राय, माले नेता रामदेव सिंह व निरंजन भारती के साथ अन्य गणमान्य लोगों ने चार दिन पहले सड़क को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए पैदल मार्च करते हुए लोगों को दो-तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया था।
नवगछिया सीओ विश्वास आनंद ने कदवा थाना पुलिस की मदद से फोरलेन सड़क के बीच डिवाइडर को अतिक्रमण मुक्त कराया। सूचना मिलने पर दर्जनों लोगों ने डिवाइडर के बीच रखे जलावन, पशुओं का पुआल, गोबर का ढेर, फूस टाट की छत्त नाद व अन्य सामानों को हटा लिया। बचे सामानों को जब्त करते हुए ट्रैक्टर पर लोड कर थाना लाया गया है।

सीओ ने बताया कि जो लोग सूचना के बाद स्वयं समान हटा रहे थे उसे छोड़ दिया गया है। करीब 99 फीसदी लोगों के सामानों को हटाकर अतिक्रमण मुक्त किया गया। यदि दोबारा अतिक्रमण किया जाएगा तो उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर कदवा ओपी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह के साथ सशस्त्र पुलिस बल व पंचायत के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
