नवगछिया से बांका और झारखंड की ओर जाने वाली बसें अब शहर में प्रवेश नहीं करेगी। बायपास के रास्ते बसें बांका की ओर जाएंगी और इसी रास्ते से नवगछिया की ओर लौटेगी। शहर में बसों के प्रवेश करने पर जब्त कर जुर्माना वसूला जाएगा। शनिवार को एसएसपी ने ट्रैफिक कंट्रोल के लिए बैठक की।

बैठक में नगर निगम, परिवहन विभाग और प्रशासन के अधिकारी नहीं पहुंचे। पुलिस अधिकारी के अलावा सिर्फ सीओ बैठक में उपस्थित थे।एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि शहर में वाहनों के दबाव और जाम रोकने के लिए बसों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही टेम्पो और ई-रिक्शा चालक सड़क पर पार्किंग कर जाम लगा रहे हैं। कम उम्र के लड़के और अनट्रेंड चालक गाड़ी चला रहे हैं। इसके खिलाफ भी अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है। कहा कि विक्रमशिला पुल से नवगछिया के बीच और खीरीबांध से जगदीशपुर रोड के बीच सैकड़ों की संख्या में ट्रकों की अवैध पार्किंग कर जाम लगा जा रहा है।

सड़क किनारे अवैध पार्किंग में खड़ी ट्रकों को पुलिस जब्त करेगी। एसएसपी ने कहा कि विक्रमशिला पुल पर जाम रोकने के लिए दोनों छोर पर पुलिस की तैनाती की जा रही है। ओवरटेक करने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा। डीएम से बड़े क्रेन की मांग की गई है। बैठक में सिटी एसपी एसके. सरोज, ट्रैफिक डीएसपी आरके झा, ट्रैफिक प्रभारी रवीन्द्र महतो और टोओपी प्रभारी ओम प्रकाश और जगदीशपुर सीओ सोनू भगत उपस्थित थे। जगदीशपुर रोड पर दो पुलिया सिंगल रोड का है। इसके कारण जाम लग रहा है। पुलिया को चौड़ा करने और तत्काल डायवर्जन बनाने का प्रस्ताव डीएम को भेजा जा रहा है।

शहर में जुगाड़ गाड़ी के परिचालन पर रोक: शहर में जुगाड़ गाड़ी के परिचालन पर पांचवी बार रोक लगाई गई है। इसके पहले आयुक्त, डीएम और एसएसपी के स्तर पर रोक लगाई गई थी लेकिन निर्देश को अमल में नहीं लाया गया। शहर में धड़ल्ले से जहरीला धुंआ के साथ जुगाड़ गाड़ी चल रहे हैं। शनिवार को बैठक में एक बार फिर जुगाड़ गाड़ी के परिचालन पर रोक लगाई गई है। इसके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। शहर में एक बार फिर नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण हटाया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि जहां से अतिक्रमण हटाया गया है वहां पर दोबारा अतिक्रमण न लगे इसके लिए नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के साथ पुलिस तैनाती की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *