नवगछिया| नवगछिया स्टेशन पर रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शुक्रवार को विभिन्न ट्रेनों में टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना टिकट यात्रियों से 64 हजार 500 रुपए किराया और जुर्माना वसूलने के बाद आगे यात्रा जारी रखने की अनुमति दी गई। वहीं आठ यात्रियों को न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जिनसे 6500 रुपए जुर्माना वसूला गया।
नारायणपुर : देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
नारायणपुरा| नारायणपुर गांव निवासी छत्तर यादव को पुलिस ने सवा दो लीटर देसी शराब के साथ गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी तस्कर को जेल भेज दिया।

नवगछिया आरपीएफ इंस्पेक्टर को दी विदाई
नवगछिया| आरपीएफ इंस्पेक्टर पीएस दुबे को विदाई दी गई। उनका स्थानांतरण मुजफ्फरपुर हो गया है। विदाई के मौके पर नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज, एसडीपीओ दिलीप कुमार, दंडाधिकारी रेल सहित स्टाफ मौजूद थे। उनकी जगह पर नवगछिया आरपीएफ में दानापुर से मृणाल कुमार पद ग्रहण करेंगे। बता दें कि अपने कार्यकाल में इंस्पेक्टर पीएस दुबे ने कई बड़े मामलों का खुलासा किया। मौके पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने उन्हें बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
मोबाइल टावर की बैट्री चोरी, केस दर्ज
गोपालपुर| थाना क्षेत्र के हरनाचक के समीप रिलायंस कंपनी के मोबाइल टावर की बैट्री सहित अन्य सामान गुरुवार की रात चोरों ने चुरा ली। इस मामले में रिलायंस कंपनी में कार्यरत टेक्नीशियन पवन कुमार राय ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने कहा कि बैट्री चोरी होने से हजारों की क्षति हुई है।
स्वास्थ्यकर्मी से बदमाशों ने छीने मोबाइल
नवगछिया| अपराधियों ने शुक्रवार को परबत्ता थाना क्षेत्र के 14 नंबर सड़क पर खगड़ा गांव के पास पोलियो वैक्सिनेटर साहू परबत्ता बाजार निवासी कुंदन कुमार की मोबाइल छीन ली। कुंदन ने कहा कि वह पोलियो रिपोर्ट नवगछिया पीएचसी में देकर घर जा रहा था। इसी दौरान खगड़ा के पास अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया।
दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था बिहपुर का दिव्यांशु
बिहपुर के मृतक किशोर दिव्यांशु के परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर खरीक थाना क्षेत्र के सिकिया धार घाट पर गांव के बच्चों के साथ नहाने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी में डूब गया। जानकारी मिलने पर स्थानीय गोताखोरों ने शव को नदी से निकाला। घटना की जानकारी लोगों ने खरीक सीओ व पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

