शनिवार को व्यवहार न्यायालय नवगछिया में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 5 बेंचों पर 566 मामलों का निष्पादन सुलह समझौते के आधार पर किया गया। वहीं कहलगांव व्यवहार न्यायालय में दो बेंचों पर 525 मामलों का निपटारा किया गया।
व्यवहार न्यायालय नवगछिया में बेंच संख्या एक पर न्यायिक पदाधिकारी अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय अमिताभ चौधरी एवं अधिवक्ता नवीन कुमार ने पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा व सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के कुल 61 मामलों का निष्पादन किया। सभी मामलों का सेटलमेंट 28 लाख 68 हजार 80 रुपए में किया गया।


मौके पर आठ लाख 60 रुपए की रिकवरी भी हुई। बेंच संख्या दो पर न्यायिक पदाधिकारी एसीजीएम थ्री अखौरी अभिषेक सहाय व अधिवक्ता सुमित कुमार ने चार आपराधिक मामले व एसबीआई के कुल 119 मामलों की सुनवाई कर निपटारा किया। इस दौरान 60 लाख 98 हजार का सेटलमेंट कर 35 लाख 43 हजार की रिकवरी की गई।

