नवगछिया। नवगछिया क्षेत्र में मृत पाए गए कौओं में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। 11 जनवरी को नवगछिया इलाके में 127 कौओं की मौत के बाद उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिसकी रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है।

रिपोर्ट आते ही प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए। रविवार को नवगछिया के कचहरी मैदान और आसपास के इलाकों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी ने बताया कि बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर 10 किलोमीटर के दायरे में सैनिटाइजेशन किया जाएगा। साथ ही नवगछिया अनुमंडल के सभी सातों प्रखंडों में संचालित पोल्ट्री फार्मों की जांच की जाएगी।

एहतियातन कचहरी मैदान में लोगों के प्रवेश पर कम से कम एक सप्ताह के लिए रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे मृत या बीमार पक्षियों के संपर्क में न आएं और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन या पशुपालन विभाग को दें।

बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद इलाके में चिंता का माहौल है, हालांकि प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *