नवगछिया (भागलपुर): बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के द्वितीय चरण का मतदान नवगछिया पुलिस जिले में पूर्णतः भयमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु पुलिस अधीक्षक नवगछिया के सक्षम नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

मतदान के दौरान सभी मतदान केन्द्रों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, जिला पुलिस एवं बिहार गृह रक्षक बल के जवानों की सक्रिय तैनाती रही। सभी बलों को यह स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कोई भी मतदाता भय या दबाव में आए बिना स्वतंत्र रूप से मतदान कर सके।

दियारा क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से विशेष प्रबंध किए गए। इन इलाकों में अश्वरोही दल, एसडीआरएफ, एवं नाव गश्ती दल को लगाया गया ताकि जलमार्गों और दुर्गम क्षेत्रों में भी पूर्ण सुरक्षा बनी रहे।

मतदान के दिन टीमों ने लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते हुए निगरानी बनाए रखी और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहीं। उनके सक्रिय प्रयासों से मतदान केन्द्रों के आसपास शांति एवं सुव्यवस्था बनी रही।

वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। कई स्थानों पर पुलिस कर्मियों ने मानवता और सेवा भावना का परिचय देते हुए असहाय मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुँचने और मतदान करने में सहयोग प्रदान किया।

पुलिस अधीक्षक नवगछिया स्वयं मतदान के दौरान विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा करते रहे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कर्मियों की उपस्थिति एवं मतदाताओं की सुविधा का बारीकी से निरीक्षण किया। उनके सतत पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन के कारण मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई।

निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारी, मतदान कर्मी, पुलिस बल एवं सहयोगी इकाइयों ने अत्यंत समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वहीं मीडिया प्रतिनिधियों एवं नवगछिया के नागरिकों ने भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग का परिचय दिया।

सभी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन, सतर्कता और समन्वय के परिणामस्वरूप नवगछिया पुलिस जिला में चुनाव का द्वितीय चरण पूरी तरह भयमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। यह लोकतंत्र की मजबूती और जन-जागरूकता का प्रतीक है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *