नवगछिया में साइबर अपराधियों ने सरकारी स्कूल के एक शिक्षक को वीडियो कॉल के जाल में फंसाकर उनके बैंक खाते से 2 लाख 4 हजार 878 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित शिक्षक ने इस मामले में साइबर थाना नवगछिया में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आवेदन देकर जांच व कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित शिक्षक की पहचान नवगछिया वार्ड 27 स्थित कृष्णपुरी निवासी सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर की दोपहर करीब 3:32 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को निर्वाचन आयोग का अधिकारी बताते हुए कहा कि चुनाव से संबंधित एक जांच में वे उपस्थित नहीं हुए हैं और सहयोग नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद ठग ने वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन शेयर करने को कहा। शिक्षक के अनुसार, इसी दौरान साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल और बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद 6 से 8 दिसंबर के बीच कई बार में उनके खाते से कुल 2,04,878 रुपये की निकासी कर ली गई।

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दी, जहां उनकी शिकायत दर्ज की गई। इसके बाद शनिवार को उन्होंने साइबर थाना नवगछिया में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।

साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या स्क्रीन शेयर के अनुरोध से सतर्क रहें।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *