नवगछिया | गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिंधिया मकंदुपर निवासी राजीव रंजन गुप्ता साइबर ठगी के शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने उनसे 76 हजार रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ित ने नवगछिया साइबर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनका मोबाइल एक माह पहले चोरी हो गया था और उसे अपडेट करने की जरूरत है। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसे खोलने को कहा।
जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, उनके मोबाइल का एक्सेस ठगों के नियंत्रण में चला गया। इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके एसबीआई बैंक खाते से 76 हजार रुपये की निकासी कर ली।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए कॉल या लिंक पर क्लिक न करें तथा अपनी बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

