नवगछिया : क्या गरीब परिवार में जन्म लेना गुनाह है। हमलोग गरीब व कमजोर हैं, इसलिए मुझे और मेरे परिवार को धमकी मिल रही है। मेरे गांव से तीन किलोमीटर की दूरी पर बनियां गांव का रहने वाला युवक पिछले डेढ़ साल से अक्सर मुझसे छेड़छाड़ करता था और कहता था कि अगर तुमने मुझसे शादी नहीं की तो तुम्हें और तुम्हारे परिवारवाले को तेजाब डालकर जला देंगे। उसकी हरकतों और धमकी से डर कर मां ने मेरी शादी तय कर दी। मां ने गांववालाें से चंदा इकट्ठा कर 21 हजार रुपए जमा किए और बड़ी मकंदपुर के ऑटाे चालक राजू से शादी तय की।
मंगलवार को शादी होने वाली थी। इस बात की जानकारी जब छेड़छाड़ करने वाले युवक बुल्लर को मिली तो उसने महिला हेल्पलाइन में फोन कर दिया। महिला हेल्पलाइन की टीम मंगलवार काे आई और मेरी शादी रुकवाकर वापस चली गई। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मेरी शादी तो रुकवा दी, पर तेजाब से जलाने की धमकी देने वाले से मुझे कौन बचाएगा। मेरे परिवार की सुरक्षा की गारंटी काैन लेगा? यह कहना है रंगरा प्रखंड के सहाेड़ा मदराैनी रेलवे लाइन किनारे झाेपड़ी बनाकर रहनेवाली मैट्रिक की छात्रा (उम्र 15 वर्ष 10 माह) का?
लग रहा है डर, कहीं कोई अनहोनी न हो जाए
रेलवे लाइन के किनारे रहने के कारण मां काे हमेशा यह चिंता सता रही थी कि पता नहीं बुल्लर कब क्या कर दे? इसी डर से मां ने मेरी शादी तय कर दी। मेरे पिता की दस साल पहले माैत हाे चुकी है। मां चाैका-बर्तन कर हम तीन बहनाें और एक छाेटे भाई की परवरिश करती है। घर में शादी की तैयारी चल रही थी और अब रिश्ता भी टूट गया, पैसे भी बेकार हो गए। अब यह डर लगा रहा है कि कहीं मेरे और मेरे परिवारवालों के साथ कोई अनहोनी न हो जाए? बुल्लर की धमकी देने के कारण ही हमलोग पुलिस के पास नहीं गए थे।

यह भी चिंता सता रही थी कि इस सबसे समाज में बदनामी हाेगी, लेकिन बुल्लर ने वही करा दिया जाे वह चाह रहा था। उधर, मंगलवार की देर रात तक लड़की के घर पर पंचायत के मुखिया, सरपंच व अन्य ग्रामीण मौजूद थे पर पूरा परिवार सहमा हुआ था। ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि शादी ताे पुलिस ने रुकवा दी, पर पुलिस या हमलाेग हमेशा रेलवे लाइन के पास आकर सुरक्षा ताे नहीं करेंगे।
हमारा काम बाल-विवाह राेकना है। अब बाकी का काम पुलिस का है। हम हमेशा वहां जाकर नहीं रह सकते हैं। पुलिस काे सूचना देकर आ गए हैं। -श्वेत निशा शर्मा, परियाेजना प्रबंधक, महिला हेल्पलाइन
अगर छात्रा की सुरक्षा की बात है ताे वह हमलाेग देंगे, काेई किसी काे इस तरह से परेशान नहीं कर सकता। मैं खुद इसकी जांच करूंगा। -सुशांत कुमार सराेज, एसपी, नवगछिया

