नवगछिया के ढोलबज्जा थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में आधे दर्जन से अधिक व्यवसायियों से अपराधियों द्वारा रंगदारी मांगने और धमकाने की घटनाओं के बाद व्यवसायी दहशत के माहौल में जी रहे थे। इसी को लेकर नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने पुलिस अधिकारियों के साथ ढोलबज्जा मुख्य बाजार पहुंचकर व्यवसायियों से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली।
Total Downloads: 167
एसडीपीओ ने व्यवसायियों को भरोसा दिलाया कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी जल्द ही की जाएगी। उन्होंने व्यवसायियों से निर्भीक होकर दुकान संचालन जारी रखने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि किसी भी व्यवसायी को अपराधियों द्वारा धमकी दी जाती है, तो वे तुरंत उनके द्वारा दिए गए फोन नंबर पर सूचना दें। एसडीपीओ ने अपना निजी मोबाइल नंबर भी व्यवसायियों को उपलब्ध कराया।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं दिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि ढोलबज्जा बाजार के आधे दर्जन से अधिक दुकानदारों से रंगदारी मांगे जाने के विरोध में व्यवसायियों ने पूर्व में दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया था। इस संबंध में व्यवसायियों के आवेदन पर ढोलबज्जा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की जा चुकी है।

एसडीपीओ ने बताया कि सभी चिह्नित दुकानों के संचालकों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें न्याय का भरोसा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी हाल में बच नहीं पाएंगे। व्यवसायियों की मांग पर बाजार में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।
इस मौके पर पूर्व मुखिया राजकुमार उर्फ मुन्ना, सरपंच सुशांत कुमार, व्यवसायी मुन्ना जयसवाल सहित दर्जनों लोग मौजूद थे। व्यवसायियों ने मांग की कि बाजार में लगातार पुलिस गश्त बनी रहे और उनकी सुरक्षा हर संभव तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोग निर्भीक होकर बाजार आ-जा सकें। एसडीपीओ ने सभी को आश्वस्त किया कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
