नवगछिया। विक्रमशिला पुल की रेलिंग से रस्सी बांधकर नीचे उतर रहे एक युवक की रस्सी टूटने से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार दोपहर का बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के पश्चिमी भिट्ठा गांव निवासी रंजीत यादव (40), पिता पप्पू यादव के रूप में हुई है। पुल के नीचे मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार रंजीत घास काटने के लिए पुल से नीचे उतर रहा था। वहीं घाट पर मौजूद नाविकों ने बताया कि रोज कई युवक इसी तरह जान जोखिम में डालकर रस्सी के सहारे नीचे उतरते हैं, मना करने के बावजूद वे नहीं मानते।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

