नवगछिया : पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर शराब के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को कदवा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक लग्जरी बस से भारी मात्रा में विदेशी शराब लायी जा रही है। उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कदवा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसएच 58 नवगछिया-चौसा मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच प्रारंभ की गई।

इसी क्रम में नवगछिया जीरोमाइल की ओर से आती हुई एक बस को रोककर तलाशी लेने पर बस से कुल 204 पेटी में बंद मेकडवेल्स/रॉयल स्टैग ब्रांड की 375 एमएल की 4488 बोतल और 180 एमएल की 816 बोतल में कुल 1829.88 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

मामले को लेकर मंगलवार को कदवा थाना में नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने प्रेस वार्ता कर पत्रकारों को बताया कि मौके से बस चालक नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र के मंडाछ वार्ड संख्या चार निवासी नरेश राम, पिता गणेश राम और पटना जिले के अगमकुआं थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी निवासी अंकित कुमार, पिता अशोक सिंह को गिरफ्तार किया गया।

दोनों के पास से दो मोबाइल भी जब्त किए गए। वहीं, गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे बस मालिक के कहने पर पश्चिम बंगाल के दालकोला से शराब लोड कर पटना पहुंचाने जा रहे थे। इस संदर्भ में कदवा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत नरेश राम, अंकित कुमार और अन्य के विरुद्ध केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....