बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र ने प्रखंड बिहपुर के ग्राम औलियाबाद स्थित मध्य विद्यालय कारगिल का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण विद्यालय परिसर में मौजूद पोखर और आवागमन मार्ग के अभाव को लेकर ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद किया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि विद्यालय तक पहुंचने के लिए कोई समुचित मार्ग उपलब्ध नहीं है। साथ ही विद्यालय परिसर में स्थित पोखर के कारण बच्चों के साथ किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र ने मौके पर उपस्थित अंचल अधिकारी (सीओ) लवकुश कुमार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने सीओ को निर्देशित किया कि विद्यालय की जमीन पर स्थित पोखर को भरवाकर सुरक्षित आवागमन मार्ग का निर्माण कराया जाए तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नोटिश पासवान, समाजसेवी इंजीनियर सोनू मिश्र सहित ग्रामीणों में मिथलेश चौधरी, मनोज चौधरी, सुमन महतो, मुकेश महतो, जितेंद्र मल्लिक, बबलू मल्लिक, पप्पू महतो, नगीना महतो, मनोज आदि मौजूद थे।

