विषहरी पूजा व बकरीद त्यौहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसको लेकर कड़े फैसले लिए गए हैं। इसके तहत पूजा समितियों को पूजा के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा, नियम का उल्लंघन करने वाली समितियों पर कार्रवाई होगी। प्रशासन अपराधी छवि वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और दंडात्मक कार्रवाई करेगा।
Total Downloads: 105
अनुमंडल में सोमवार को विषहरी पूजा व बकरीद त्यौहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक पीजीआरओ मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती मौजूद थे। बैठक में सभी बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष सहित शांति समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक के दौरान विषहरी पूजा व बकरीद त्यौहार शांतिपूर्ण संपन्न हो इसको लेकर विधि व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान पीजीआर व एसडीपीओ ने सभी बीडीओ, सीओ व थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।


घटना होने पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे
पीजीआरओ ने पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में पूजा स्थल का निरीक्षण करने व पूजा समिति के सदस्यों से संपर्क स्थापित कर जानकारी प्राप्त कर, उनका मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विषहरी पूजा को लेकर मेले में भीड़ पर निगरानी व चौकसी के साथ-साथ सतर्कता बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया। बीडीओ व थानाध्यक्ष को जुलूस के मार्ग का सत्यापन करने का निर्देश दिया।
पीजीआरओ ने कहा कि विषहरी पूजा के दौरान अगर किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे। पूजा को लेकर सभी पूजा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य है। पूजा समितियों को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा निर्गत किए गए लाइसेंस के सभी शर्तों का पालन करना होगा। शर्तों का उल्लंघन करने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। मेला परिसर में हाइड्रोजन गैस वाला बैलून भरने वाला सिलेंडर मेले से दूर रहेंगे।
नमाज स्थल के लिए रूट चार्ट तैयार करने और संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने का निर्देश
बकरीद त्यौहार को लेकर सभी थानाध्यक्ष को अपने अपने क्षेत्र में नमाज स्थल हेतु रूट चार्ट तैयार करने व संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक मस्जिद, नमाज स्थल हेतु कर्मी व पदाधिकारी का सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। पीजीआरओ ने कहा कि बकरीद में कुर्बानी के पश्चात पशु अवशेष कहीं फेंके हुए मिले, तो इसकी तत्काल सफाई हेतु थाना स्तर पर शांति समिति के सदस्य को मिलकर टीम गठित कर सुनिश्चित करेंे। बकरीद पर कुर्बानी बड़े पैमाने पर होती है। थानाध्यक्ष व बीडीओ विशेष सतर्कता बरतें।
