बिहपुर । बाइक सवार दो बदमाशों ने बुधवार की शाम करीब 7:30 बजे स्वर्ण व्यवसायी से ज्वैलरी भरा बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बिहपुर निवासी राजीव पोद्दार बिहपुर बाजार में ज्योति ज्वैलर्स नाम के नाम से दुकान चलाते हैं। वह शाम को दुकान बंद कर सात लाख कीमत की ज्वैलरी बैग में भरकर घर जा रहे थे। इसी दौरान गायत्री मंदिर के आगे पोखर के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मार कर बैग छीन लिया और भागने लगे। राजीव ने भी बदमाशों का पीछा किया। बदमाश सोनवर्षा की ओर भागे। राजीव भी सोनवर्षा तक बदमाशों का पीछा किया।
स्वर्ण व्यवसायी ने इस घटना की सूचना बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह को दी। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये दो युवक अमित कुमार और चंदू कुमार को हिरासत में लिया है। वहीं हिरासत में लिये गये दोनों की पहचान पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी राजीव पोद्दार ने की है। पुलिस ने बाइक भी बरामद कर लिया। हालांकि सोने व चांदी से भरा बैग बरामद नहीं हो सका है। बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और ज्वैलरी से भरा बैग बरामद करने को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया ज्वेलरी से भरा बैग छीन लेने का मामला सामने आया है। जिसमें कुछ लेन -देन की बात सामने आ रही है। इस बाबत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा हैं।

