खरीक : खरीक पुलिस ने थाना क्षेत्र की 14 नंबर सड़क स्थित तुलसीपुर गांव के समीप एक धर्मकांटा के सामने से सड़क किनारे स्कार्पियो के अंदर पड़ा एक शव बरामद किया। मृतक के सिर, कनपटी और जांघ में गोली दागी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस की जांच में आया है कि धर्मकांटा में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार स्कार्पियो 12.30 बजे लगाई गई। इसके बाद उसमें से चार-पांच व्यक्ति निकले, जो तुरंत बाद पीछे से आ रही दूसरी स्कार्पियो पर सवार होकर तेतरी जीरोमाइल की ओर चले गए। वहीं, घटना की जानकारी पर भागलपुर से एसएफएल टीम भी पहुंचकर आवश्यक जांच की और विस्तृत जांच के लिए सैंपल ले गए।

मृतक की पहचान भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र के जव्वारपुरी निवासी अवधेश मंडल (35) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता पीएचईडी के रिटायर्ड कर्मी रामू मंडल समेत परिवार के अन्य सदस्य मंगलवार की शाम थाना पहुंचे। रामू मंडल ने बताया कि हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। पता नहीं किसने मेरे बेटे की हत्या कर दी। मेरा बेटा भागलपुर के भीखनपुर गुमटी नंबर एक निवासी आशीष कुमार पाठक की स्कार्पियो चलाता था। स्कार्पियो मालिक के भाई अमृत कुमार पाठक ने बताया कि अवधेश 11 साल से मेरी गाड़ी चलाते थे और वह मेरा चालक नहीं बल्कि परिवार के सदस्य थे। सोमवार की शाम करीब 5.00 बजे वह मेरे दोस्त की बेटी को रिजर्व में ससुराल पहुंचाने के लिए सहरसा गए थे। वहां से लौट आए थे। इधर, नवगछिया हेड क्वार्टर डीएसपी सुनील कुमार पांडेय, बिहपुर इंस्पेक्टर विनय कुमार भी थाना पहुंच आवश्यक जांच-पड़ताल की।

– मृतक चालक के मोबाइल से खुलेगा हत्या का राज :

अपराधियों ने जिस तरह घटना को अंजाम दिया है, इससे तो यह साफ है कि पेशेवर अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक की हत्या खरीक में ही हुई है या फिर कहीं दूसरी जगह हत्या कर यहां शव को ठिकाने लगाया गया है। मृतक की जिस जांघ में गोली लगी थी, उसमे काफी सूजन भी थी। इससे यह भी नहीं नकारा जा सकता कि हत्या से पूर्व मृतक ने संघर्ष किया है। स्कार्पियो की पिछली सीट के नीचे से अनुमंडल कृषि पदाधिकारी मुंगेर का एक बोर्ड भी बरामद हुआ है।

वहीं, अपराधी मृतक का मोबाइल भी साथ लेकर चले गए हैं। अपराधी भागने में इतनी जल्दी की है कि स्कार्पियो की चाबी वाहन में छोड़ कर भाग गए। गाड़ी सुबह तक स्टार्ट ही रही। वहीं, पुलिस को स्कार्पियो से दो खोखा और एक गोली मिली है। वहीं, थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *