नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र से एक 21 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। खरीक थाना क्षेत्र के निवासी रामचंद्र शर्मा ने अपने मंझले पुत्र हरिनंदन कुमार (उम्र 21 वर्ष) के अचानक लापता हो जाने की सूचना देते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन से उसकी शीघ्र खोजबीन की गुहार लगाई है। युवक के लापता होने से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार हरिनंदन कुमार 17 जनवरी 2026, शनिवार की देर रात करीब 1 बजे नवगछिया नया टोला से जी.बी. कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटा। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

परिवार वालों ने बताया कि हरिनंदन का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। पूरी रात और अगले दिन तक लगातार खोजबीन के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब पिता रामचंद्र शर्मा ने खरीक थाना पहुंचकर अपने पुत्र के लापता होने की लिखित सूचना दी और पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।

रामचंद्र शर्मा ने बताया कि उनका पूरा परिवार बेटे के सुरक्षित लौटने को लेकर बेहद चिंतित है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन कर उनके पुत्र को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए। परिजनों का कहना है कि हरिनंदन का किसी से कोई विवाद भी नहीं था, ऐसे में उसके अचानक लापता होने को लेकर कई तरह की आशंकाएं उत्पन्न हो रही हैं।

इधर, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन से युवक की तलाश में तेजी लाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि युवक की उम्र कम है और समय रहते अगर कार्रवाई नहीं हुई तो अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

मामले को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। परिजन और ग्रामीण सभी एक ही उम्मीद लगाए बैठे हैं कि हरिनंदन कुमार जल्द सुरक्षित अपने घर लौट आए।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *