नवगछिया : 22वीं राष्ट्रीय माउंटेन बाइक (MTB) साइकिलिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए बिहार की टीम रविवार को नवगछिया से अरुणाचल प्रदेश के रोइंग जिले के लिए रवाना हो गई। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 10 से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के चुनिंदा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
Total Downloads: 372
प्रतियोगिता को लेकर बिहार की टीम पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव कौशल किशोर सिंह और भागलपुर साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव आशीष कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है और वे बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मेहनत कर रहे हैं।
टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी कटिहार साइकिलिंग संघ के सचिव संतोष कुमार को टीम मैनेजर के रूप में सौंपी गई है, जबकि रवि रंजन को टीम कोच बनाया गया है। दोनों अधिकारी खिलाड़ियों को तकनीकी और मानसिक रूप से प्रतियोगिता के लिए तैयार कर रहे हैं।

टीम की रवानगी के अवसर पर भागलपुर साइकिलिंग एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष नवीन सिंह कुशवाहा, ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि बिहार के साइकिलिस्ट राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
