नवगछिया : एसपी निधि रानी ने शुक्रवार को अपने चेंबर में क्राइम कंट्रोल मीटिंग की। इसमें एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती सहित सर्किल इंस्पेक्टर व सभी थानाध्यक्ष शामिल हुए। एसपी ने पिछले माह पुलिस जिला के विभिन्न थाना क्षेत्र में हुई आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थानेदारों को अनुसंधान में तेजी लाने और फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिए।
एसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिस आफसरों पर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने इस माह कितने मामले दर्ज हुए और कितने का निष्पादन किया गया इसकी समीक्षा की।आपराधिक घटनाओं में अनुसंधान की क्या स्थिति है इसकी समीक्षा की गई। अनुसंधान में जो भी कमियां पाई गई इस संदर्भ में थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है।

एसपी ने जिन मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थानाध्यक्ष को अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि पुलिस जिले में जो भी अपराधी जमानत पर बाहर आए हैं। सभी अपराधियों पर पुलिस पदाधिकारी निगरानी करेंगे। इसके अलावा थानाध्यक्ष को गुंड पंजी के अद्यतन करने का निर्देश दिया गया। इसको लेकर पुलिस जिले में गुंडा परेड किया गया। गुंडा परेड में वैसे लोग जो वृद्ध हो गए हैं या फिर कई वर्षों से कोई अपराध की घटना को अंजाम नहीं दिया है। वैसे लोगो का सूची से नाम हटाया गया है। एसपी ने कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द होगी।

120 नए अपराधियों के नाम गुंडा पंजी में किए गए दर्ज
एसपी ने बताया कि पुलिस जिले में कुल 120 नए अपराधियों के नाम गुंडा पंजी मे जोड़े भी गए हैं। मद्यनिषेध को लेकर पुलिस मुख्यालय से निर्देश प्राप्त हुए थे। बैठक के दौरान सभी थानाध्यक्ष को पुलिस मुख्यालय से मिली निर्देश की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। एसपी ने कहा कि पूर्व में इससे संबंधित मामले दर्ज होने पर अनुसंधान के दौरान अनुसंधानकर्ता के स्तर से कुछ छोटी-छोटी गलतियां हो जाती थी। वे गलतियां अनुसंधान में न हो इस संदर्भ में गाइड लाइन दिया गया है। गाइड लाइन को पुलिस पदाधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि अब संबंधित मामले दर्ज होने पर अनुसंधानकर्ता जब्ती सूची सहित अन्य छोटी-छोटी चीजो का ध्यान रखेंगे। एसपी ने कहा कि डीआईजी द्वारा नवगछिया थाना में 11 नए दरोगा को प्रशिक्षण के लिए दिए गए हैं। उन सभी के साथ भी बैठ की गई। बैठक के दौरान उन्हें बेसिक जानकारी दी गई।


